March 7, 2026

विकास योजनाओं की प्रगति पर सख्त प्रशासन — समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश

उपायुक्त के निर्देश पर उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में विभिन्न मदों से संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनाबद्ध निधि, डीएमएफटी, नीति आयोग फंड, सांसद एवं विधायक निधि (एमपी-एमएलए लैड) तथा सीएसआर फंड से संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में पुल-पुलिया, पहुंच पथ, पीसीसी सड़क, पेयजल व जलापूर्ति योजनाएं, स्कूलों में अतिरिक्त कमरा, शौचालय व कल्वर्ट निर्माण जैसे कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गई। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए तथा कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा होने पर तुरंत तकनीकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। संवेदकों की लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई।
नीति आयोग फंड से 200 मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए सत्यापन के बाद एजेंसी को भुगतान करने का निर्देश दिया गया। साथ ही साल पत्ता प्लेट-कप उत्पादन यूनिट, जनजातीय क्षेत्रों में आंगनबाड़ी सुदृढ़ीकरण, ट्रांसजेंडर एवं महिलाओं के लिए फूड कार्ट, लाइब्रेरी सह रिसोर्स सेंटर और सरकारी स्कूलों में रसोई घर निर्माण जैसे कार्यों की भी समीक्षा की गई।
सीएसआर योजना के तहत लगाए जा रहे 100 चापाकलों का कार्य मध्य अप्रैल तक पूरा कर नागरिकों को पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। वहीं डीएमएफटी मद से आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण सहित अन्य योजनाओं को शीघ्र पूरा करने और नई योजनाओं की निविदा प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, प्रभारी जिला योजना पदाधिकारी सुदिप्त राज सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

📍 जमशेदपुर
✍️ रिपोर्ट: आनंद किशोर

Written by

Anand Kishor

District Reporter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

INdian Press Union (IPU) A National Platform for Journalists and Media Professionals.

© 2026 All Rights Reserved IPU MEDIA ASSOCIATION