February 28, 2026

*हरदोई में छात्रा पर हमला करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार*

हरदोई जनपद के थाना लोनार क्षेत्र के अंतर्गत छात्रा पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

25 फरवरी 2026 को कस्बा बावन के पास 12वीं की परीक्षा देकर लौट रही एक छात्रा पर पंकज (पुत्र रामरूप) नामक युवक ने धारदार हथियार (बांका) से हमला कर दिया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी छात्रा पर शादी का दबाव बना रहा था और इनकार करने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। 26 फरवरी की रात जब पुलिस टीम आरोपी पंकज की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लौट रही थी, तब ग्राम जगदीशपुर के पास आरोपी ने आरक्षी रोहित कुमार की सरकारी राइफल छीनकर भागने का प्रयास किया। घेराबंदी करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी पंकज के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। इस छीना-झपटी में सिपाही रोहित कुमार को भी चोटें आई हैं। प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव के नेतृत्व वाली टीम ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांका बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह छात्रा के साथ पहले एक ही स्कूल में पढ़ता था और एकतरफा पसंद के चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

INdian Press Union (IPU) A National Platform for Journalists and Media Professionals.

© 2026 All Rights Reserved IPU MEDIA ASSOCIATION