अकबरपुर पुलिस ने गुमशुदा महिलाओं,और बच्चों को किया बरामद: गुरुग्राम से सकुसल लाकर परिजनों को सौंपा
“अंबेडकरनगर। कोतवाली अकबरपुर की मिशन शक्ति पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमशुदा महिलाओं और बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने उन्हें गुरुग्राम (हरियाणा) से ढूंढ निकाला और उनके परिजनों को सौंप दिया है “
“यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेंद्र कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। इस अभियान का उद्देश्य अपराध नियंत्रण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश करना है।”
“क्षेत्राधिकारी नगर नितीश कुमार तिवारी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पाण्डेय के नेतृत्व में कोतवाली अकबरपुर पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की। मामला 29 अप्रैल 2026 का है, जब एक वादी ने महिलाओं और उनके साथ गए बच्चों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक ब्रह्मप्रकाश श्रीवास्तव को सौंपी गई थी।”
“जांच के दौरान, पुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन का विश्लेषण किया, जिससे गुमशुदाओं की लोकेशन गुरुग्राम, हरियाणा में मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल गुरुग्राम पहुंचकर सेंट्रल पार्क सेक्टर-48 से सभी गुमशुदाओं को सकुशल बरामद कर लिया।”
“पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे पारिवारिक नाराजगी के कारण बिना बताए बच्चों सहित गुरुग्राम चली गई थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके साथ किसी प्रकार की कोई आपराधिक घटना नहीं हुई थी और वे अपनी इच्छा से गई थीं। बरामद की गई सभी महिलाओं और बच्चों को आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।”