अंबेडकर नगर में अचानक बदला मौसम: तेज हवाओं के साथ बारिश,तीन घंटे में मौसम ख़राब होने का अनुमान
“अम्बेडकरनगर में बुधवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज धूप और भीषण गर्मी के बीच अचानक आसमान में काले घने बादल छा गए। करीब 3 बजे दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल हो गया। कुछ ही देर में तेज हवाएं चलने लगीं और फिर झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिली।”
“अचानक बदले मौसम से सड़कों पर चल रहे लोग और बाजारों में खरीदारी कर रहे लोग इधर-उधर छिपते नजर आए। कई जगह पेड़ों की डालियां भी टूटकर गिरने की सूचना है। तेज हवा और बारिश के कारण जनजीवन कुछ देर के लिए प्रभावित रहा।”
“मौसम विभाग ने पहले ही लखनऊ समेत आसपास के जिलों के लिए अगले तीन घंटों में मौसम खराब होने का अलर्ट जारी किया था। विभाग ने आंधी-तूफान, तेज बारिश, बिजली गिरने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई थी। साथ ही लोगों से सतर्क रहने, खुले स्थानों पर न रुकने और जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई थी।”
“मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में यह बदलाव आया है। इससे पहले मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया था। अचानक हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली।”