April 15, 2026

अप्रैल में ही जून जैसी गर्मी दिल्ली से महाराष्ट्र तक बदले सूरज के तेवर

मुंबई : अप्रैल का महीना आधा बीत चुका है और अब कुदरत ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. पिछले कुछ दिनों की बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि का दौर अब पूरी तरह खत्म हो चुका है और उसकी जगह ले ली है झुलसा देने वाली गर्मी, ‘लू’ और तपते सूरज ने। आज देश के कई बड़े हिस्से में पारा 40 डिग्री के करीब या उससे पार पहुंचने को बेताब है. दिल्ली-एनसीआर से लेकर महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार तक, हर तरफ सूरज की तपिश पसीने छुड़ा रही है. देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद) में आसमान बिल्कुल साफ रहेगा. मौसम विभाग (IMD) का कहना है किअब बारिश की कोई गुंजाइश नहीं है. दोपहर के वक्त धूप काफी तेज होगी, जिससे पारा 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. राहत की बात बस इतनी है कि उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली हल्की हवाएं गर्मी की चुभन को थोड़ा कम करेंगी, लेकिन धूप का असर कम नहीं होगा. महाराष्ट्र में स्थिति थोड़ी ज्यादा गंभीर है. सांगली और सोलापुर के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है, जहां पारा 42 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं. मुंबई की बात करें तो वहां गर्मी के साथ-साथ उमस (Humidity) और खराब हवा ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. मुंबई का AQI आज 154 दर्ज किया गया है, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. विदर्भ और मराठवाड़ा में भी 18 अप्रैल तक भीषण लू चलने की चेतावनी दी गई है. मध्य प्रदेश में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है. रतलाम में तो तापमान 41 डिग्री के पार चला गया है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 16 अप्रैल से धार, खरगोन और खंडवा जैसे इलाकों में भीषण हीटवेव (लू) चलेगी. छत्तीसगढ़ में भी हालात कुछ ऐसे ही हैं. रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में पारा 42 डिग्री के पार जाने की तैयारी में है. 15 अप्रैल से छत्तीसगढ़ के मैदानी इलाकों में लू का दौर शुरू हो जाएगा, जिससे दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा. बिहार में वैशाख का महीना शुरू होते ही सूरज के तेवर उग्र हो गए हैं. पटना, गया और भागलपुर जैसे शहरों में पारा 38 डिग्री तक पहुंच गया है. अगले 72 घंटों में यहां तापमान में 4 से 6 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है. नमी कम होने की वजह से शुष्क गर्मी और लू का असर अधिकतर जिलों में महसूस किया जाएगा.

Written by

VINOD KUMAR PANDEY

District Reporter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

INDIAN PRESS UNION

Indian Press Union (IPU) A National Platform for Journalists and Media Professionals.

© 2026 All Rights Reserved IPU MEDIA ASSOCIATION