हरैया पंचायत में विकास कार्यों में 5 लाख रुपये के भुगतान पर सवाल, जांच के बाद भी कार्रवाई लंबित
अम्बेडकरनगर। बसखारी ब्लॉक की ग्राम पंचायत हरैया में विकास कार्यों के नाम पर हुए भुगतान को लेकर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। इंटरलॉकिंग खड़ंजा और शोकपिट निर्माण के कार्यों में लगभग 5 लाख रुपये खर्च दर्शाए जाने पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
आईजीआरएस शिकायत के बाद जिला पंचायतराज अधिकारी ने ग्राम सचिव शरद चंद और एडीओ पंचायत उमाशंकर सिंह से सात दिनों के भीतर जवाब तलब किया था। निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद भी अब तक किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे मामले को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि लगभग ₹4,97,682 का भुगतान ऐसे कार्यों के लिए दिखाया गया है, जो या तो पहले ही पूर्ण बताए जा रहे थे या जिनके संबंध में स्पष्ट स्वीकृत एस्टीमेट उपलब्ध नहीं था। दावा यह भी किया गया है कि जीपीएस आधारित साक्ष्यों में कार्य पुराना प्रतीत होता है।
शोकपिट निर्माण को लेकर भी आरोप लगाए गए हैं कि कागजों में खर्च दर्शाया गया, लेकिन स्थल पर वास्तविक स्थिति अलग पाई गई।
ग्रामीणों का कहना है कि जांच के बावजूद विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई नहीं होने से पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।
इस संबंध में डीपीआरओ उपेंद्र पांडे से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।