LATEST NEWS

चाचा-भतीजे की सड़क हादसे में मौत

By JAHID KHAN • 2026-09-28 04:18 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
चाचा-भतीजे की सड़क हादसे में मौत

आगरा ब्रेकिंग

आगरा के थाना बाह क्षेत्र अंतर्गत आगरा-इटावा स्टेट हाईवे पर बाह के छदामी मठ के समीप शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा घटित हो गया। खेत में बाजरे की फसल की रखवाली करने जा रहे दो लोगों को किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल चाचा नाहर सिंह (60 वर्ष) और उनके भतीजे (मुंहबोले बेटे) नेकराम की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

कर्ज चुकाने मैनपुरी से बाह आकर कर रहे थे मजदूरी:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक नाहर सिंह मूल रूप से मैनपुरी जनपद के थाना दन्नाहार अंतर्गत ग्राम दरवाह के निवासी थे। नाहर सिंह पर मैनपुरी में कुछ कर्ज हो गया था, जिसे चुकाने के लिए वे अपने परिवार के साथ बाह के बरुआ नगर में आकर किराए के मकान में रह रहे थे। वे और उनके परिवार के सदस्य मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनका छोटा बेटा कृष्ण गोपाल पल्लेदारी का काम करता है, जबकि नाहर सिंह अपने भतीजे नेकराम के साथ मिलकर छदामी मठ के पास जमीन बटाई पर लेकर बाजरे की खेती कर रहे थे।

खाना खाकर रखवाली के लिए निकले थे दोनों:
नाहर सिंह की पत्नी सुदामा और बेटी हेमा ने रुंधे गले से बताया कि शनिवार रात करीब 8:45 बजे दोनों घर पर खाना खाने के बाद तैयार बाजरे की फसल को आवारा पशुओं से बचाने और रखवाली करने के लिए खेत की ओर निकले थे। रात करीब 9:30 बजे छदामी मठ के पास सड़क पार करते या चलते समय किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और कुचलता हुआ निकल गया। राहगीरों की सूचना पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़े थे।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत:
पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बाह पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नाहर सिंह को परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल नेकराम की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर कर दिया गया। हालांकि, इलाज के दौरान एसएन मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने नेकराम को भी मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की जांच और कार्रवाई जारी:
हादसे के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आगरा मोर्चरी भिजवा दिया है। एसीपी बाह जितेंद्र सिंह ने बताया कि घटना अत्यंत दुखद है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि दुर्घटना करने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

JAHID KHAN 0 followers