आगरा के खैरागढ़ में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ा अभियान
आगरा के विद्युत वितरण खंड खेरागढ़ क्षेत्र में विद्युत निगम द्वारा लाइन लॉस कम करने और अवैध रूप से हो रही बिजली चोरी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। शनिवार तड़के बिजली विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने खेरागढ़ थाना क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में अचानक छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया, जिससे अवैध कटिया चालकों और मीटर से छेड़छाड़ करने वालों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हाई-लॉस फीडरों और कॉलोनियों में हुई सघन पड़ताल:
एसडीओ अरविंद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा पहले से चिह्नित अधिक लाइन लॉस वाले फीडरों और ग्रामीण क्षेत्रों में यह विशेष जांच अभियान चलाया गया। संयुक्त टीम ने कस्बा खेरागढ़ की सुंदर कॉलोनी, नई तहसील परिसर के सामने वाले क्षेत्र, ग्राम नगला उदैया तथा भिलावली में बड़े पैमाने पर जांच की। इस दौरान टीम के सदस्यों ने एक-एक घर और व्यावसायिक परिसरों के सर्विस केबल व मीटरों की बारीकी से पड़ताल की।
38 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज:
जांच के दौरान कई स्थानों पर सीधे केबल में कटिया डालकर तथा अन्य अवैध तरीकों से बड़े पैमाने पर बिजली चोरी के मामले पकड़े गए। विभाग ने त्वरित एक्शन लेते हुए कुल 38 लोगों को बिजली चोरी का दोषी पाते हुए उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। अभियान में जेई विकास विश्वकर्मा, जेई विजय कुमार सहित बड़ी संख्या में विद्युतकर्मी और पुलिस बल के जवान तैनात रहे।
आगे भी जारी रहेगा चेकिंग अभियान:
एसडीओ अरविंद कुमार ने स्पष्ट कहा कि राजस्व क्षति को रोकने और कटिया प्रथा को समाप्त करने के लिए यह प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। इससे न केवल विभाग का वित्तीय नुकसान कम होगा बल्कि कटियामारी से होने वाली ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग की समस्या से ईमानदार उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आगे भी विभिन्न इलाकों में इसी प्रकार बिना पूर्व सूचना के छापेमारी जारी रहेगी।