आगरा में अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़
आगरा में अवैध हुक्का बार पर पुलिस की कार्रवाई: स्काई अड्डा कैफे पर छापा, 9 हुक्के-चिलम बरामद; संचालक गिरफ्तार
आगरा हाईकोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने अवैध हुक्का बार और कैफे संचालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शाहगंज थाना क्षेत्र के खेरिया मोड़ स्थित स्काई अड्डा रूफ टॉप कैफे पर पुलिस ने छापा मारकर कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित किए जा रहे हुक्का बार का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कैफे संचालक दीपक शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। टीम ने मौके से हुक्का और उससे संबंधित सामान बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, कैफे में बिना लाइसेंस हुक्का बार संचालित किए जाने की शिकायत और जानकारी के आधार पर कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने मौके से 5 बड़े और 4 छोटे हुक्के बरामद किए। इसके अलावा तलाशी के दौरान 5 काली चिलम और 2 लाल चिलम भी मिलीं। पुलिस ने हुक्का संचालन में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान को भी कब्जे में लिया। इनमें 5 हुक्का पाइप और एक पैकेट कोयला शामिल है। तलाशी के दौरान पुलिस को मौके से एक इलेक्ट्रिक हीटर भी बरामद हुआ। इसके साथ ही कैफे से 810 रुपये नकद भी पुलिस ने कब्जे में लिए।
पुलिस के अनुसार, स्काई अड्डा रूफ टॉप कैफे में बिना वैध लाइसेंस के हुक्का बार संचालित किए जाने का आरोप है। पुलिस ने संचालक दीपक शर्मा को गिरफ्तार कर मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब बरामद सामान के आधार पर यह जांच कर रही है कि कैफे में कितने समय से हुक्का संचालित किया जा रहा था और वहां आने वाले ग्राहकों को किस तरह की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
शाहगंज क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के बाद हुक्का संचालित करने वाले कैफे और रूफ टॉप प्रतिष्ठानों में सतर्कता बढ़ गई है। पुलिस अब ऐसे अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच कर सकती है, जहां नियमों के विपरीत हुक्का परोसे जाने की शिकायतें मिल रही हैं।