आगरा में सड़क पार करते समय सिपाही की माँ को वाहन ने रौंदा !
आगरा ब्रेकिंग:
आगरा में सड़क पार करते समय सिपाही की मां को वाहन ने रौंदा, मौत
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में अलीगढ़ हाईवे पर सोमवार शाम सड़क पार करते समय एक महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की एसएन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतका की पहचान 58 वर्षीय बिटोली देवी के रूप में हुई है। वह रामबाग से टेढ़ी बगिया की ओर जाने वाले मार्ग पर हेरिटेज गार्डन के पास शाम करीब 7 बजे सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान किसी वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बिटोली देवी को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए।
बिटोली देवी के पति मकरन सिंह ने बताया कि उनका परिवार हाथरस रोड स्थित सैयद के पास रहता है। उनकी पत्नी टेढ़ी बगिया स्थित सब्जी मंडी से सब्जी लेने गई थीं।
मृतका का बेटा सौरभ कुमार आगरा पुलिस लाइन में सिपाही के पद पर तैनात है।
एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हादसा करने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अभी तक कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है।