LATEST NEWS

बिजनौर में फर्जी दुष्कर्म मुकदमों की आड़ में वसूली का खेल, तीन महिलाओं समेत पांच गिरफ्तार

By SATYAVIR SINGH • 2026-09-08 06:09 • 1 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
बिजनौर में फर्जी दुष्कर्म मुकदमों की आड़ में वसूली का खेल, तीन महिलाओं समेत पांच गिरफ्तार

बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पुलिस ने हनीट्रैप और कथित झूठे दुष्कर्म मुकदमों के जरिए लोगों को फंसाकर रकम वसूलने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस पूरे मामले का खुलासा एसपी बिजनौर के. विश्नोई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह पहले लोगों को हनीट्रैप में फंसाता था और फिर उनके खिलाफ दुष्कर्म या गैंगरेप जैसे गंभीर मामलों में मुकदमा दर्ज कराने का दबाव बनाया जाता था। इसके बाद मुकदमा खत्म कराने या वापस लेने के नाम पर लाखों रुपये की मांग की जाती थी। जांच में कई मामलों में दो से तीन लाख रुपये तक की रकम मांगे जाने की बात सामने आई है।

पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि गिरोह का इस्तेमाल केवल कथित फर्जी दुष्कर्म मुकदमों तक सीमित नहीं था। जमीन-जायदाद, मकान, लेन-देन और पुरानी रंजिश से जुड़े विवादों में भी इसी तरीके से विरोधी पक्ष पर दबाव बनाने की कोशिश की जाती थी। कुछ मामलों में मुकदमे को समझौते के जरिए खत्म कराने का आरोप भी सामने आया है।

पुलिस ने इस मामले में जुल्फेकार उर्फ बब्बू लंगड़ा, अफजाल, गुड्डी, कुन्ती और प्रीति को गिरफ्तार किया है। वहीं पारुल, रामकली और अन्नू की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

एसपी के. विश्नोई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जांच के दौरान कई मुकदमों में घटनाक्रम और भाषा एक जैसी मिली। कुछ मामलों में मेडिकल जांच नहीं कराई गई थी, जबकि तकनीकी साक्ष्य भी सामने नहीं आए। पुलिस के अनुसार, कई मुकदमों में बाद में फाइनल रिपोर्ट लगाए जाने की बात भी सामने आई है।

पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इस नेटवर्क के पीछे काम करने वाले लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। एक कारोबारी का नाम भी जांच के दायरे में होने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस पूरे नेटवर्क से जुड़े और भी नाम सामने आ सकते हैं।

बिजनौर पुलिस की इस कार्रवाई ने झूठे मुकदमों की आड़ में कथित वसूली के नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और आने वाले दिनों में इस प्रकरण में और भी खुलासे हो सकते हैं।

##brakingnews##bijnornews
SATYAVIR SINGH 0 followers