LOCAL NEWS

टैंकर पर निर्भर आउटर के 2 लाख लोगों को मिलेगी राहत, 170 करोड़ की लागत से नई जल योजना

By SANJAY KUMAR PANDEY • 2026-09-22 03:55 • 5 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
टैंकर पर निर्भर आउटर के 2 लाख लोगों को मिलेगी राहत, 170 करोड़ की लागत से नई जल योजना

बिलासपुर के आउटर क्षेत्र में रहने वाले करीब 2 लाख लोगों के लिए राहत भरी खबर है। जो इलाके अब तक बोर और टैंकर पर निर्भर थे, वहां अब नई पाइपलाइन से पानी पहुंचाने की तैयारी है। निगम ने इसके लिए 170 करोड़ रुपये की बड़ी जल योजना का सर्वे शुरू कर दिया है।

बिलासपुर नगर निगम ने आउटर के वार्डों में जल संकट दूर करने के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। 170 करोड़ की इस प्रस्तावित योजना से अमेरी, मोपका, उसलापुर, बिरकोना, तिफरा, दोमुहनी और प्रसाद जैसे तेजी से विकसित हो रहे इलाकों में नियमित जल आपूर्ति का नेटवर्क तैयार होगा।

निगम के मुताबिक इस योजना को आउटर की मौजूदा जल व्यवस्था को नए सिरे से तैयार करने के तौर पर लिया गया है। फिलहाल इन इलाकों में लोग बोरवेल, निजी मोटर और टैंकर पर निर्भर हैं।

योजना के तहत अलग-अलग इलाकों की जरूरत, आबादी, मौजूदा जल स्रोत और संभावित कनेक्शनों को शामिल किया जा रहा है। सर्वे रिपोर्ट के बाद DPR को अंतिम रूप दिया जाएगा।

इस योजना की सबसे बड़ी खासियत है कि इसे पुराने नेटवर्क से अलग रखा जाएगा। अमृत मिशन के तहत तैयार 72 MLD क्षमता वाले वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के पानी का बेहतर उपयोग इसी योजना के जरिए किया जाएगा। इससे चरणबद्ध तरीके से पानी की सप्लाई बढ़ाई जा सकेगी।

गौरतलब है कि आउटर में 37 करोड़ की दो जल योजनाओं पर पहले से ही काम चल रहा है। 28 करोड़ की योजना में बहतराई, खमतराई, मंगला और सकरी में टंकियों और पाइपलाइन का काम चल रहा है, जिसमें करीब 25 किमी पाइपलाइन बिछाना बाकी है। वहीं 9 करोड़ की योजना में राजकिशोर नगर, लिंगियाडीह और तिफरा में अमृत मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाई जा रही है।

निगम का कहना है कि अभी सर्वे चल रहा है, इसके बाद प्रस्ताव तैयार कर अर्बन चैलेंज फंड के लिए भेजा जाएगा। मुहर लगते ही इस 170 करोड़ की योजना पर काम शुरू हो जाएगा।

यानि अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो जल्द ही आउटर के 2 लाख लोगों को बोर-टैंकर की टेंशन से मुक्ति मिलेगी और नल से नियमित साफ पानी मिल सकेगा।

##छत्तीसगढ़# #नगरनिगम #ChhattisgarhNews #NagarNigam #Bilaspur #IndianPressUnion #IPU
SANJAY KUMAR PANDEY 0 followers