LATEST NEWS

दो मोबाइल लेकर भागे

By JAHID KHAN • 2026-09-29 05:48 • 6 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
दो मोबाइल लेकर भागे

आगरा ब्रेकिंग

शास्त्री पुरम में मोबाइल खरीदने आए दो युवक चकमा देकर दो फोन लेकर भागे, सिकंदरा थाने में मामला दर्ज

आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र अंतर्गत शास्त्री पुरम इलाके में दिनदहाड़े ग्राहक बनकर आए दो अज्ञात उचक्कों द्वारा मोबाइल दुकान से फोन पार कर देने की घटना सामने आई है। आरोपियों ने दुकानदार का ध्यान भटकाया और पलक झपकते ही काउंटर पर रखे दो महंगे मोबाइल फोन लेकर भाग निकले। पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

तीसरा मोबाइल दिखाने को कहा और कर दिया हाथ साफ:
घटना 21 सितंबर की दोपहर करीब 2:40 बजे की है। शास्त्री पुरम के त्रिकोणीय पार्क स्थित 'दीक्षा कम्युनिकेशन' दुकान के संचालक हरीश अपनी दुकान पर अकेले मौजूद थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवक मोबाइल फोन खरीदने के बहाने दुकान के अंदर आए। दुकानदार हरीश ने उन्हें काउंटर पर रखकर दो मोबाइल फोन दिखाए। इसके बाद शातिर युवकों ने उन्हें चकमा देने के इरादे से रैक्स में रखा तीसरा मोबाइल फोन दिखाने की मांग की।

दुकानदार ने किया पीछा, लेकिन गलियों में गायब हुए आरोपी:
पीड़ित हरीश जैसे ही काउंटर से पीछे हटकर रैक्स में से तीसरा मोबाइल निकालने के लिए मुड़े, तभी दोनों आरोपियों ने मौका ताड़कर काउंटर पर रखे दोनों मोबाइल फोन उठाए और तेजी से बाहर की ओर भाग खड़े हुए। दुकानदार हरीश ने तुरंत शोर मचाते हुए आरोपियों का पीछा किया, लेकिन आरोपी संकरी गलियों का फायदा उठाकर तेजी से आंखों से ओझल हो गए।

पुलिस कर रही सीसीटीवी फुटेज की जांच:
वारदात के बाद पीड़ित ने तत्काल स्थानीय थाना सिकंदरा में मामले की लिखित सूचना दी। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार हरीश की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। सिकंदरा पुलिस का कहना है कि दुकान और आसपास की मुख्य सड़कों व चौराहों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

##CRIME
JAHID KHAN 0 followers