LOCAL NEWS

29 घंटे से बाधित रही सैकड़ों गांवों की बिजली

By VISHVAJEET SINGH • 2026-09-02 04:52 • 2 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
29 घंटे से बाधित रही सैकड़ों गांवों की बिजली

रेवतीपुर। जमानियां स्थित 132/33 केवी विद्युत ट्रांसमिशन उपकेंद्र के स्विच यार्ड में सोमवार देर रात तकनीकी खराबी आ गई। इसके कारण ढढ़नी और ताड़ीघाट विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े करीब पांच दर्जन गांवों के सैकड़ों घरों की बिजली गुल हो गई। मंगलवार सुबह तक छह घंटे बीतने के बावजूद आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी।ट्रांसमिशन उपकेंद्र के स्विच यार्ड में आई इस खराबी से विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया। घंटों बाद भी आपूर्ति बहाल न होने से विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। इसी उपकेंद्र से ढढ़नी और ताड़ीघाट सब स्टेशनों के नौ अलग-अलग फीडरों के माध्यम से करीब 17 हजार उपभोक्ताओं को बिजली मिलती है।क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। उपभोक्ताओं के अनुसार, पिछले तीन दिनों में कुल 36 घंटे में से 29 घंटे तक असामान्य विद्युत कटौती का सामना करना पड़ा है।ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार को दिन में करीब सात घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसके बाद शनिवार रात से रविवार देर शाम तक लगभग 16 घंटे बिजली गुल रही। सोमवार देर रात करीब पौने दो बजे से मंगलवार सुबह तक ट्रांसमिशन उपकेंद्र में तकनीकी खराबी के कारण आपूर्ति ठप रही।उपभोक्ताओं का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन फाल्ट और तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित होती रहती है। कभी ट्रांसफार्मर में खराबी तो कभी फीडर में तकनीकी समस्या के चलते घंटों बिजली गुल रहना सामान्य बात हो गई है। लगातार तीन दिनों से हो रही असामान्य कटौती ने विभाग के निर्बाध और बेहतर विद्युत आपूर्ति के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।इस संबंध में अवर अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि ट्रांसमिशन उपकेंद्र के स्विच यार्ड में तकनीकी खराबी के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि खराबी को दूर करने का कार्य जारी है और मरम्मत कार्य पूरा होते ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

VISHVAJEET SINGH 0 followers