मरीन ड्राइव पर भीषण सड़क हादसा, मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी समेत चार युवाओं की मौत
जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव में गुरुवार अहले सुबह करीब साढ़े तीन बजे हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी इस्तिका सिंह समेत चार युवाओं की मौत हो गई। मृतकों में दो युवक और दो युवतियां शामिल हैं। स्थानीय जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान इस्तिका सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार चारों युवक-युवतियां स्विफ्ट कार में सवार होकर मरीन ड्राइव से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोग वाहन के अंदर फंस गए।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। कार की स्थिति बेहद खराब होने के कारण उसमें फंसे युवाओं को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को करीब डेढ़ घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद चारों को कार से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन और परिचित भी घटनास्थल तथा अस्पताल पहुंचे। एक साथ चार युवाओं की मौत की खबर से इलाके में शोक का माहौल है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
प्रारंभिक जानकारी में कार के तेज गति से आने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने हादसे के कारणों को लेकर अभी अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। जांच के दौरान कार की गति, चालक का वाहन पर नियंत्रण और सड़क किनारे ट्रेलर खड़े होने की परिस्थितियों समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
हादसे में मंत्री दीपिका सिंह पांडे की बेटी इस्तिका सिंह की मौत की खबर के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति की कामना की।
मारवाड़ी समाज ने जताई संवेदना
हादसे में इस्तिका सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल की मौत पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल और पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस दुखद घटना पर शोक जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। और समाज के लिए एवं बच्चों के परिवारों के लिए इसे अपूरणीय छति बताया।
पुलिस की जांच जारी है। हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।