POLICE ACTION

जमशेदपुर में SSP का फ्लैग मार्च, चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

By SUSHIL KUMAR RAMRAIKA • 2026-09-29 05:35 • 6 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
जमशेदपुर में SSP का फ्लैग मार्च, चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

जमशेदपुर। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आम लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार शाम एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने फ्लैग मार्च किया। एसएसपी ने स्वयं फ्लैग मार्च का नेतृत्व किया। मार्च की शुरुआत शाम करीब 5 बजे साकची से हुई।

पुलिस वाहनों के काफिले के साथ निकला फ्लैग मार्च जेल चौक, मरीन ड्राइव, सोनारी, बिष्टुपुर, गोलमुरी, मानगो समेत शहर के विभिन्न प्रमुख इलाकों से गुजरा। इस दौरान डीएसपी ट्रैफिक, डीएसपी सीसीआर के अलावा टैंगो और पीसीआर के वाहन भी शामिल रहे।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रही। इसका उद्देश्य शहर में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी का संदेश देने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी स्थिति को परखना भी रहा।

लोगों से सीधे संवाद, सुनीं समस्याएं

फ्लैग मार्च के दौरान एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब कई प्रमुख चौक-चौराहों पर रुके और स्थानीय लोगों से बातचीत की। उन्होंने इलाके में पुलिस गश्त, सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। लोगों ने भी एसएसपी के समक्ष अपनी शिकायतें और समस्याएं रखीं।

एसएसपी ने लोगों की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या महत्वपूर्ण सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने शहरवासियों को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त करने के साथ असामाजिक तत्वों को भी कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश दिया।

##latestnews
SUSHIL KUMAR RAMRAIKA 0 followers