LOCAL NEWS

मॉडिफाइड साइलेंसर पर जमशेदपुर ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 102 साइलेंसर रोड रोलर से किए गए नष्ट

By SUSHIL KUMAR RAMRAIKA • 2026-09-22 07:25 • 4 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
मॉडिफाइड साइलेंसर पर जमशेदपुर ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 102 साइलेंसर रोड रोलर से किए गए नष्ट

जमशेदपुर। शहर की सड़कों पर तेज और कानफोड़ू आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ जमशेदपुर ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पिछले एक सप्ताह से चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान 102 वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए। जब्त सभी साइलेंसरों को यातायात डीएसपी नीरज की मौजूदगी में रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, शहरवासियों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ युवा मोटरसाइकिलों में कंपनी के निर्धारित साइलेंसर को हटाकर तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर वाहन दौड़ा रहे हैं। इनसे होने वाले तेज शोर के कारण बुजुर्गों, मरीजों, बच्चों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष जांच अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में सघन वाहन जांच की गई। जांच के दौरान जिन दोपहिया वाहनों में कंपनी के मानक के विपरीत तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर पाए गए, उन्हें जब्त कर लिया गया।

अभियान के तहत जब्त किए गए 102 मॉडिफाइड साइलेंसरों को रोड रोलर से कुचलकर पूरी तरह नष्ट किया गया। पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि सड़क पर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले और तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

यातायात डीएसपी नीरज ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और आने वाले दिनों में वाहन जांच को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों पर अनावश्यक शोर और लोगों को परेशानी पहुंचाने वाले वाहनों पर ट्रैफिक पुलिस की निगरानी लगातार बनी रहेगी।

पुलिस की इस कार्रवाई से यह साफ है कि जमशेदपुर में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अब ट्रैफिक पुलिस और सख्ती बरतने की तैयारी में है।

SUSHIL KUMAR RAMRAIKA 0 followers