बेमौसम बारिश से लखीमपुर में फसलों पर संकट, धान-गन्ना और केले को भारी नुकसान की आशंका
लखीमपुर खीरी जिले में अचानक बदले मौसम और लगातार हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। तैयार और पकने की कगार पर पहुंची फसलों पर बारिश और तेज हवाओं का प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। कई क्षेत्रों में धान की फसल गिर गई है। खेतों में जलभराव से धान के दाने काले पड़ने, सड़ने और अंकुरित होने का खतरा बढ़ गया है। वहीं, गन्ने के खेतों में पानी भरने से जड़ें कमजोर होने और फसल गिरने की आशंका है, जिससे उत्पादन और रिकवरी प्रभावित हो सकती है। केले की खेती भी तेज हवा और बारिश से प्रभावित होने की आशंका है। पौधों के टूटने के साथ जलभराव से जड़ों में गलन और फफूंदजनित रोगों का खतरा बढ़ गया है। किसानों को खेतों से पानी निकालने और केले के पौधों को सहारा देने की सलाह दी गई है। बारिश रुकने के बाद कृषि विशेषज्ञों की सलाह से फफूंदनाशक दवाओं का प्रयोग किया जा सकता है। बीमित किसान फसल नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर संबंधित अधिकारियों या बीमा कंपनी को दे सकते हैं।
रिपोर्टर—अटल बिहारी मिश्रा