पुलिस अधीक्षक जालौन ने अपराध शाखा का किया आकस्मिक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
उरई, जालौन। पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा अपराध शाखा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय में रखे विभिन्न अभिलेखों एवं पत्रावलियों का बारीकी से अवलोकन किया तथा उनके रखरखाव और अध्यावधिक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए सभी विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने तथा लंबित मामलों में आवश्यक विधिक प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए विवेचनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कार्यालयीय कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।