DEVELOPMENT

पथ निर्माण विभाग के द्वारा मानगो की दो प्रमुख सड़कों की मरम्मत के लिए 55 लाख का टेंडर

By SUSHIL KUMAR RAMRAIKA • 2026-09-12 07:45 • 1 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
पथ निर्माण विभाग के द्वारा मानगो की दो प्रमुख सड़कों की मरम्मत के लिए 55 लाख का टेंडर

जमशेदपुर। मानगो नगर निगम की मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता ने बताया कि मानगो की खराब सड़कों से रोजाना जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। पथ निर्माण विभाग के जमशेदपुर प्रमंडल ने मानगो की दो प्रमुख सड़कों की सामान्य मरम्मत के लिए कुल 55 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है।

इन दोनों मार्गों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। सड़कों की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए गड्ढों और टूटे हिस्सों से गुजरना जोखिम भरा बना हुआ है। सड़क की खराब सतह के कारण वाहनों की रफ्तार प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

विभाग की ओर से मानगो-पारडीह रोड की सामान्य मरम्मत के लिए 25 लाख रुपये तथा मानगो-ओल्ड पुलिया रोड की वर्ष 2026-27 में सामान्य मरम्मत के लिए 30 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। दोनों सड़कों के मरम्मत कार्य को 120 दिनों के भीतर पूरा करना होगा।

मेयर सुधा गुप्ता ने बताया कि दोनों सड़कों की मरम्मत के लिए वह काफी समय से प्रयासरत थीं। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर मानगो की सड़कों की स्थिति से अवगत कराया था। इसके बाद मई महीने में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव को भी ज्ञापन सौंपकर सड़कों की मरम्मत की मांग की गई थी।

उन्होंने कहा कि लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है कि अब दोनों महत्वपूर्ण सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर निकाला गया है। मानगो में बेहतर सड़क व्यवस्था विकास कार्यों को गति देने के साथ आम लोगों को आवागमन में सुविधा प्रदान करने के लिए जरूरी है।

SUSHIL KUMAR RAMRAIKA 0 followers