पुल के नीचे फंदे से लटका मिला युवती का शव
पुल के नीचे फंदे से लटका मिला युवती का शव
परिजनों की डांट के बाद घर से नाराज होकर निकली थी मृतका
मानिकपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के ऊंचागांव मुबारकपुर की 25 वर्षीय युवती का शव मंगलवार सुबह करेंटी स्थित दुर्गा भाभी सेतु पुल के नीचे फंदे से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान प्रीति निर्मल (25) पुत्री रामदेव निर्मल निवासी ऊंचागांव मुबारकपुर के रूप में हुई है। वह चार बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटी थी तथा उसका विवाह अभी नहीं हुआ था। परिजनों के अनुसार सोमवार 3 अगस्त की शाम करीब सात बजे किसी बात पर माता-पिता की डांट-फटकार के बाद प्रीति घर से चली गई थी। देर रात तक परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना मानिकपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गांव के ही एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर पूछताछ कर रही है। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने करेंटी स्थित दुर्गा भाभी सेतु पुल के नीचे एक युवती का शव फंदे से लटका देखा। सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम द्वारा भी बारीकी से निरीक्षण कराया गया है ताकि घटना से जुड़े हर तथ्य का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आत्महत्या, उकसाने या अन्य किसी कारण समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और क्षेत्र में तरह-तरह की चचाएं हैं।