POLITICAL NEWS

पाली पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा: सूरजपोल से सिंधी कॉलोनी तक निकाला रोड शो, 65 वार्ड प्रत्याशियों की बैठक ली

By JAY DEEP SINGH • 2026-09-09 09:37 • 17 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
पाली पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा: सूरजपोल से सिंधी कॉलोनी तक निकाला रोड शो, 65 वार्ड प्रत्याशियों की बैठक ली

पाली। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एक दिवसीय प्रवास पर पाली पहुंचे। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पाली गर्ल्स कॉलेज परिसर स्थित हेलीपैड पर उतरा। यहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, योगेंद्र सिंह जवाली, प्रताप सिंह निम्बली सहित पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

कॉलेज परिसर से मुख्यमंत्री का काफिला सूरजपोल पहुंचा, जहां से सिंधी कॉलोनी तक भव्य रोड शो निकाला गया। विशेष रथ पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, क्षेत्रीय सांसद पी. पी. चौधरी, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख तथा भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी मौजूद रहे। रोड शो के मार्ग में स्थानीय नागरिकों और विभिन्न संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा की गई।

रोड शो के सिंधी कॉलोनी पहुंचने के उपरांत मुख्यमंत्री ने आमजन को संबोधित किया और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न विकास योजनाओं व प्राथमिकताओं की जानकारी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सिंधी धर्मशाला में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के संदर्भ में सभी 65 वार्डों के भाजपा प्रत्याशियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में चुनावी तैयारियों, जनसंपर्क अभियान और वार्ड स्तर पर संगठन के समन्वय को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान जिले के कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

#Bhajanlal Sharma#Madan Rathore#PP Chaudhary#BJP Road Show#Pali News#Rajasthan Politics#BJP Rajasthan#Election Update#Political Buzz
JAY DEEP SINGH 0 followers