LATEST NEWS

मसूरी में गुरु रविदास जयंती पर ‘समरसता संकल्प अभियान’, निकाली गई कलश यात्रा

By RAJAT AIKANT SHARMA • 2026-09-03 11:55 • 123 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
मसूरी में गुरु रविदास जयंती पर ‘समरसता संकल्प अभियान’, निकाली गई कलश यात्रा

मसूरी। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती (प्रकाश पर्व) के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी मसूरी मंडल द्वारा ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत कलश वंदन एवं कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पावन माटी से भरे कलश की पूजा-अर्चना कर उसे विधिवत श्री वाल्मीकि जी मंदिर में स्थापित किया गया।

अभियान के तहत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी की पवित्र मिट्टी देश के विभिन्न राज्यों, जिलों, गांवों और मंडलों तक पहुंचाई जा रही है। इसी क्रम में पावन माटी से भरा कलश मसूरी पहुंचा, जहां श्रद्धा के साथ कलश वंदन एवं कलश यात्रा का आयोजन किया गया।

भाजपा के अनुसार, अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास जी के समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। पार्टी का कहना है कि इस पहल के माध्यम से जाति और धर्म के भेद से ऊपर उठकर आपसी सौहार्द, सामाजिक एकता और गुरु रविदास जी के विचारों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत देश के विभिन्न हिस्सों में स्थानीय स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धा के साथ कलश यात्राएं निकाली जा रही हैं। वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मभूमि से पवित्र मिट्टी से भरे कलश देश के अलग-अलग राज्यों और जिलों में भेजे गए हैं।

कार्यक्रम में पूर्व पालिका अध्यक्ष ओम प्रकाश उनियाल, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अरुण कुमार, उपाध्यक्ष विजय बिंदवाल, महामंत्री नरेंद्र मेलवान, विजय बुटोला, युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन पंवार, अभिलेश्वर प्रसाद, रीता खुल्लर, राजेंद्र प्रधान, अनिल गोयल, नागेंद्र डिमरी, उज्ज्वल नेगी, मनीष कुकसाल आदि मौजूद रहे।

#GuruRavidasJayanti#MussoorieNews
RAJAT AIKANT SHARMA 0 followers