LOCAL NEWS

जवानों और प्रधानमंत्री के नाम बच्चों ने भेजी राखियां

By SUSHIL KUMAR RAMRAIKA • 2026-08-24 04:23 • 11 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
जवानों और प्रधानमंत्री के नाम बच्चों ने भेजी राखियां

डाक विभाग के ‘राखी बनाओ और भेजो’ अभियान में स्कूली बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

जमशेदपुर। रक्षा बंधन के अवसर पर भारतीय डाक विभाग के सिंहभूम डाक प्रमंडल की ओर से बच्चों को देश के जवानों और राष्ट्रीय नेतृत्व से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष पहल ‘राखी बनाओ और भेजो’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शहर के विभिन्न स्कूलों में राखी मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

टेल्को और कदमा क्षेत्र के वैली व्यू स्कूल, गोलमोहर हाई स्कूल, डीवीएमएस करियर एकेडमी एवं डीवीएमएस कदमा हाई स्कूल में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने इको-फ्रेंडली तथा ‘वेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ सामग्री का इस्तेमाल कर आकर्षक और संदेशपरक राखियां तैयार कीं।

खास बात यह रही कि विद्यार्थियों ने केवल अपने भाइयों के लिए ही नहीं, बल्कि देश की सीमाओं पर तैनात जवानों, पुलिसकर्मियों और प्रधानमंत्री के लिए भी राखियां बनाईं। इन राखियों के साथ बच्चों ने अपने भावनात्मक संदेश भी लिखे, जिन्हें डाक विभाग के माध्यम से संबंधित लोगों तक भेजा गया।

डाक विभाग की ओर से स्कूल परिसर में ही विशेष लिफाफे और स्पीड पोस्ट की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इससे विद्यार्थियों को अपनी बनाई राखियों और संदेशों को सीधे भेजने का अवसर मिला। अभियान के दौरान बच्चों में देशभक्ति और उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला।

दीप प्रज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का उद्घाटन

वैली व्यू स्कूल, टेल्को में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन डाक विभाग के अधिकारी उज्ज्वल दास गुप्ता एवं निशांत कुमार तथा स्कूल की प्राचार्या मिसेज मिक्की सिंह और उप प्राचार्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कल्पनाशीलता से सुंदर राखियां तैयार कीं।

वहीं गोलमोहर हाई स्कूल में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने राखी बनाने की प्रतियोगिता में भाग लिया। बच्चों ने आकर्षक राखियां बनाने के साथ उनमें देश के प्रति सम्मान और जवानों के प्रति अपनी भावनाएं भी व्यक्त कीं। प्रतियोगिता में तैयार की गई कई राखियां पर्यावरण अनुकूल सामग्री से बनाई गई थीं।

प्रतियोगिता में बच्चों की रचनात्मकता बनी आकर्षण

राखी मेकिंग प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने विभिन्न प्रकार की रंग-बिरंगी एवं कलात्मक राखियां तैयार की। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता के साथ-साथ देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जुड़ाव की भावना को बढ़ावा मिला।

डाक विभाग की इस पहल को विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। बच्चों का कहना था कि देश की रक्षा करने वाले जवानों तक अपनी बनाई राखी पहुंचाना उनके लिए गर्व और खुशी की बात है

SUSHIL KUMAR RAMRAIKA 0 followers