प्रतापगढ़ : अस्पताल की गैस पाइप चुराते तीन चोर गिरफ्तार
बैग से पाइप के टुकड़े बरामद, तीनों नशेड़ी बताए गए
इमरजेंसी कक्ष में खुद से लगाने लगे सिरिंज
यूपी प्रतापगढ़। राजा प्रताप बहादुर अस्पताल में इमरजेंसी कक्ष के पीछे ऑक्सीजन की पाइप चुराते तीन चोरों को बुधवार की सुबह रंगे हाथ पकड़ा गया। सुरक्षा कर्मियों और तीमारदारों ने चोरों की जमकर धुनाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया। तीनों नशेड़ी बताए जाते हैं। इमर्जेंसी कक्ष में तीनों आरोपी खुद से एक दूसरे को सिरिंज लगाते देखे गए। पिटाई से घायल हुए चोरों को पुलिस हिरासत में लेने के कतरा रही थी। उसे डर था कि कहीं कोई घटना न हो जाए। कोई मर गया तो पुलिस की गर्दन पकड़ी जाएगी। दिन भर चली कवायद के बाद देर शाम को चौकी पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया। वह तब जब उनके अफसरों का फोन आया।
राजा प्रताप बहादुर अस्पताल में चोर सक्रिय हैं। हालांकि अस्पताल चौकी है। अस्पताल की तरफ से सुरक्षा गार्ड भी तैनात किए गए हैं इसके बावजूद चोर इनकी नाक के नीचे हाथ साफ कर रहे हैं। दो दो पहले भी दो चोर जेल जा चुके हैं। बुधवार को सुबह करीब साढ़े छः बजे अस्पताल के सिक्योरिटी गार्ड ड्यूटी पर थे। इसी बीच उनकी नजर ऑक्सीजन प्लांट पर पड़ी। तीन लोग बैग में कुछ भर रहे थे। उनको पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास कॉपर की पाइप के टुकड़े बरामद हुए। फिर क्या था। वहां मौजूद भीड़ और गार्ड ने मिलकर तीनों चोरों को जमकर कूटा। इसकी सूचना सीएमएस को दी गई। उन्होंने तीनों चोरों को अस्पताल चौकी भेजा। पिटाई से उनकी हालत देख पुलिस ने लेने से मना कर दिया। बताया जाता हैं कि सीएमएस शैलेन्द्र कुशवाहा ने इसकी जानकारी मेडिकल के प्राचार्य को दी। प्राचार्य ने पुलिस के आला अफसरों को फोन किया। तब जाकर कहीं शाम को गार्ड अंबेश प्रताप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया। मजे की बात यह है कि पिटाई के बाद तीनों चोरों को इमरजेंसी कक्ष के एक कमरे में रखा गया। वहां पर भी तीनों चोर नशा करने से बाज नहीं आए। मौका पाकर एक दूसरे को नशे का इंजेक्शन लगाए। इस बारे में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक शैलेन्द्र कुशवाहा ने बताया कि तीन चोर पकड़े गए थे जिन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इसके पहले भी दो चोरों को पकड़ा गया था। चौकी प्रभारी ने बताया कि चोरों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है। लोगों ने उन्हें बहुत पीटा है। तीनों नशेड़ी है और विवेक नगर के आसपास के बताए जाते है।