प्रतापगढ़ : एसडीएम की बेटी को एक्सपायरी इंजेक्शन लगा तो दो फार्मासिस्ट निलंबित, आम मरीज होता तो क्या होती कार्रवाई?
प्रतापगढ़ के सीएचसी लालगंज में एसडीएम की बेटी को एक्सपायरी पैरासिटामोल इंजेक्शन लगाने के मामले में दो फार्मासिस्ट निलंबित। कार्रवाई पर उठे सवाल कि आम मरीज के मामले में क्या स्वास्थ्य विभाग इतनी ही तेजी दिखाता?
प्रतापगढ़।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज में एक्सपायरी पैरासिटामोल इंजेक्शन लगाए जाने के मामले में दो फार्मासिस्टों के निलंबन ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कार्रवाई इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि एक्सपायरी इंजेक्शन जिस मरीज को लगाया गया, वह लालगंज के उपजिलाधिकारी वाचस्पति सिंह की बेटी थी। मामला सामने आते ही विभाग ने स्टोर प्रभारी अरविंद कुमार शुक्ला और फार्मासिस्ट देव कुमार दुबे को निलंबित कर दिया।
कार्रवाई के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर यही एक्सपायरी इंजेक्शन किसी आम गरीब मरीज को लगाया गया होता तो क्या स्वास्थ्य विभाग इतनी ही तेजी से हरकत में आता? क्या किसी सामान्य मरीज की शिकायत भी उसी गंभीरता से सुनी जाती, जिस तरह प्रशासनिक अधिकारी की ओर से मामला सामने आने के बाद कार्रवाई हुई?
विभागीय आदेश के अनुसार स्टोर प्रभारी अरविंद कुमार शुक्ला पर एक्सपायरी इंजेक्शन निर्गत करने का आरोप है, जबकि फार्मासिस्ट देव कुमार दुबे पर इंजेक्शन लगाने से पहले उसकी एक्सपायरी तिथि की जांच नहीं करने का आरोप लगाया गया है। दोनों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित करते हुए निलंबित किया गया है।
दवा की एक्सपायरी पर लापरवाही, फिर सिर्फ दो कर्मचारी जिम्मेदार?