भारी बारिश में बह गई ट्रैक की मिट्टी, बोरियों से रोकने का काम जारी
पृथ्वी गंज और चिलबिला नई लाइन के किनारे हुआ जलजमाव
सरपत और झाड़ियों को काटने का काम युद्धस्तर पर
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। तीन दिन से हो रही बारिश से रेलवे ट्रैक के नीचे की मिट्टी दरकने लगी है। मिट्टी पानी के तेज बहाव के कारण बह जा रही है जिससे ट्रैक के खोखला होने के बाद धंसने का डर है। खतरे को भाप रेल प्रशासन ने युद्ध स्तर पर इंतजाम शुरू कर दिया है। मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन से चिलबिला और पृथ्वीगंज नई रेलवे लाइन के किनारे भारी बारिश का पानी जमा होने से दलदल हो गया है। ट्रैक के आसपास की मिट्टी बह जाने से ट्रैक कई जगह पर गढ्ढे बन गए हैं। सूत्रों के अनुसार इससे जगह जगह ट्रैक के धंसने की संभावना बढ़ गई है। जलजमाव की वजह ट्रैक के आसपास सरपत और बड़ी बड़ी झाड़ियों का होना बताया जा रहा है। जिससे जलजमाव शुरू हो गया। पानी के साथ मिट्टी भी बहने लगी और दलदल हो गया। इससे निपटने के लिए इंजीनियरिंग विभाग ने पहल की है। इस बारे में पीडब्लू आई जितेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रैक के किनारे उगी झाड़ियों और सरपतों को काटने का काम किया जा रहा हैं। जरूरत पड़ने पर बोरियों को भी डाला जा रहा है। ट्रैक धंसने जैसी कोई बात नहीं है। एहतियात बरतना जरूरी है।