LATEST NEWS

शमशाबाद-इरादतनगर मार्ग पर गड्ढों से हादसे

By JAHID KHAN • 2026-10-07 10:20 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
शमशाबाद-इरादतनगर मार्ग पर गड्ढों से हादसे

आगरा ब्रेकिंग

आगरा के इरादतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला शमशाबाद वाया इरादतनगर मार्ग इन दिनों खराब सड़क की समस्या से जूझ रहा है। करीब 10 किलोमीटर लंबा यह मुख्य मार्ग जगह-जगह जर्जर होकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गया है। सड़क की खराब स्थिति के कारण अब तक एक महिला समेत तीन लोगों की मौत होने की बात सामने आई है, जबकि कई लोग हादसों में घायल हुए हैं।

गड्ढों से बचने में आमने-सामने टकरा रहे वाहन:
मार्ग पर बने गड्ढों के कारण सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। सड़क पर अचानक आए गड्ढों से बचने के प्रयास में बाइक और स्कूटी चालक अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कूली बच्चों और महिलाओं के चोटिल होने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इसके अलावा अचानक ब्रेक लगाने और गड्ढों से बचने के प्रयास में वाहन आपस में टकराने की घटनाएं भी हुई हैं।

कानपुर-मुंबई बाईपास से जुड़ा है प्रमुख मार्ग:
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, यह मार्ग यातायात के लिहाज से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह कानपुर-मुंबई बाईपास से जुड़ता है। इस वजह से दिन-रात छोटे वाहनों के साथ-साथ व्यावसायिक और भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। सड़क खराब होने के कारण करीब 10 किलोमीटर की दूरी तय करने में वाहन चालकों को आधे घंटे से अधिक का समय लग रहा है।

विभाग की कार्यप्रणाली पर लोगों में नाराजगी:
क्षेत्रीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए बताया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) ने कुछ समय पूर्व सड़क के गड्ढों में गिट्टियां डलवाई थीं, लेकिन उसके बाद काम अधूरा रह गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, डामरीकरण का कार्य धीमी गति से चल रहा है, जिससे उखड़ी हुई गिट्टियों के कारण भी वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द डामरीकरण का कार्य पूरा कराने की मांग की है।

##latestupdate
JAHID KHAN 1 follower