LOCAL NEWS

सासाराम: शेरशाह मकबरे के तालाब में 10 क्विंटल मछलियों की मौत, बदहाली का मुआयना करने पहुंचे डीएम,

By MUKESH KUMAR SINGH • 2026-08-22 06:59 • 15 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
सासाराम: शेरशाह मकबरे के तालाब में 10 क्विंटल मछलियों की मौत, बदहाली का मुआयना करने पहुंचे डीएम,

सासाराम (रोहतास): विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक धरोहर शेरशाह सूरी मकबरे के तालाब और उसके आसपास के पार्क की बदहाली का मामला अब गरमा गया है। तालाब में अचानक भारी मात्रा में मछलियों की मौत होने की सूचना के बाद रोहतास के जिला पदाधिकारी (डीएम) ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने तालाब के पानी और पार्क की व्यवस्थाओं का गहन मुआयना किया और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।शुरुआती जानकारी के अनुसार, तालाब में गंदा पानी जमा होना ही मछलियों की इस सामूहिक मौत का प्रमुख कारण माना जा रहा है। तालाब में मछली पालन का कार्य करने वाले स्थानीय संवेदक दीना चौधरी ने बताया कि इस दर्दनाक घटना में करीब 8 से 10 क्विंटल मछलियां मर चुकी हैं। गंदे पानी और प्रदूषण के कारण संवेदक को करीब 4 से 5 लाख रुपये का भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। मरी हुई मछलियों के पानी में तैरने से ऐतिहासिक परिसर में दुर्गंध का माहौल भी बना हुआ है।संवेदक दीना चौधरी ने प्रशासनिक व्यवस्था पर निराशा जताते हुए कहा कि पिछले महज एक साल के भीतर यह तीसरी या चौथी बार है जब इतनी बड़ी संख्या में मछलियां मरी हैं। बार-बार हो रही इन घटनाओं के कारण उन्हें लगातार लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है, लेकिन इसके स्थाई समाधान को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। डीएम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पानी की जांच कराने और तालाब की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने का आश्वासन दिया है ताकि इस ऐतिहासिक धरोहर की सुंदरता और पर्यावरण को बचाया जा सके।

#Sher Shah Suri Tomb#Sasaram News#Rohtas DM#Shershah Tomb Pond#Rohtas News#Local Administration
MUKESH KUMAR SINGH 0 followers