थाना बहा क्षेत्र में मेड के विवाद में किसान को मारी गोली, डंडों से पीटा
जमीन की मेड़ के विवाद में किसान पर हमला, गंभीर हालत में आगरा रेफर
आगरा: बाह थाना क्षेत्र के बेसंगपुरा गांव में खेत की मेड़ को लेकर पुराने विवाद के बीच एक किसान पर हमले का मामला सामने आया है। घटना में किसान सीताराम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे सीताराम मोटरसाइकिल से खेत की ट्यूबवेल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान लाइसेंसी हथियारों से गोली चलाई गई, जिसमें एक गोली उनके सिर में लगी। इसके बाद उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट किए जाने की भी बात सामने आई है।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों और किसानों ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद हमलावरों के मौके से फरार होने की जानकारी मिली है। आरोप है कि जाते समय उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की सूचना पुलिस को डायल 112 के माध्यम से दी गई। घायल किसान को पहले बाह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर कर दिया।
एसीपी बाह जितेंद्र कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में खेत की मेड़ को लेकर पुराना विवाद सामने आया है। पुलिस शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित किए जाने की जानकारी भी दी गई है।
