LATEST NEWS

Udham Singh Nagar

By LALIT MOHAN BISHT • 2026-08-22 05:19 • 7 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
Udham Singh Nagar

ऑनलाइन गेम के जरिए हुई पहचान के बाद लापता 17 वर्षीय किशोरी हिमाचल प्रदेश से बरामद

सितारगंज: ऑनलाइन गेम के दौरान हुई पहचान के बाद घर से करीब एक हजार किलोमीटर दूर हिमाचल प्रदेश पहुंची 17 वर्षीय किशोरी को नानकमत्ता पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत सकुशल बरामद कर लिया। किशोरी करीब दो महीने से लापता थी।

पुलिस ने किशोरी को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के आरोप में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हर्ष ठाकुर उर्फ निखिल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, किशोरी 16 जून 2026 को बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों की शिकायत के आधार पर 25 जून को नानकमत्ता कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत को सौंपी गई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर के निर्देश पर पुलिस टीम ने किशोरी की तलाश शुरू की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाई।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि किशोरी की पहचान आरोपी युवक से ऑनलाइन गेम के जरिए हुई थी। पुलिस का आरोप है कि युवक ने किशोरी को अपनी बातों में फंसाया और उसे अपने साथ हिमाचल प्रदेश ले गया।

पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य सुरागों के आधार पर हिमाचल प्रदेश में दबिश दी, जहां से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने मामले में हर्ष ठाकुर उर्फ निखिल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली के उत्तम नगर में रह रहा था। उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत, हेड कांस्टेबल रघुनाथ गोस्वामी और कांस्टेबल गिरीश चंद्र शामिल रहे।

नोट: मामले में आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोप पुलिस के अनुसार हैं। मामले का अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।

LALIT MOHAN BISHT 0 followers