LATEST NEWS

Uttrakhand news

By LALIT MOHAN BISHT • 2026-07-27 07:07 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
Uttrakhand news

MBBS Admission | VCSG Medical College | NEET UG : नीट-यूजी 2026 का परिणाम घोषित होने के बाद श्रीनगर स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रवेश प्रक्रिया की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कॉलेज प्रशासन ने नए छात्रों के प्रवेश को आसान और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम शुरू कर दिए हैं।

कॉलेज में इस वर्ष एमबीबीएस की 150 सीटों पर प्रवेश होगा। इनमें 85 प्रतिशत सीटें राज्य कोटे और 15 प्रतिशत सीटें अखिल भारतीय कोटे के माध्यम से भरी जाएंगी। काउंसिलिंग कार्यक्रम घोषित होने से पहले ही प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने प्रवेश व्यवस्था का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रों और उनके अभिभावकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने प्रवेश काउंटरों को व्यवस्थित रखने, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, पंखों और साफ-सुथरे शौचालयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

इसके अलावा परिसर की सफाई, बिजली व्यवस्था और बंद पड़े शौचालयों को जल्द चालू करने के भी निर्देश दिए गए हैं। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

प्राचार्य ने यह भी निर्देश दिए कि छात्रों के मेडिकल परीक्षण और जरूरी प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया को सरल और व्यवस्थित बनाया जाए…ताकि किसी को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। साथ ही छात्रावासों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने और कॉलेज कैंटीन में साफ-सफाई, गुणवत्तापूर्ण सेवाएं तथा वाटर कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है।

कॉलेज प्रशासन का उद्देश्य है कि नए छात्रों को प्रवेश के दौरान पारदर्शी, सुगम और छात्र हितैषी माहौल मिल सके, जिससे वे बिना किसी परेशानी के अपनी मेडिकल शिक्षा की शुरुआत कर सकें।

LALIT MOHAN BISHT 0 followers