CULTURAL NEWS

गणेश उत्सव को लेकर शांति समिति की बैठक, पंडालों और विसर्जन को लेकर दिए दिशा-निर्देश

By ABHAY PAROUHA • 2026-09-15 07:17 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
गणेश उत्सव को लेकर शांति समिति की बैठक, पंडालों और विसर्जन को लेकर दिए दिशा-निर्देश

विजयराघवगढ़ में गणेश उत्सव को लेकर शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा

कटनी विजयराघवगढ़/रिपोर्टर सुरेश सेन: गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना परिसर विजयराघवगढ़ में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और अनुविभागीय अधिकारी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में हुई बैठक में गणेश उत्सव की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में नगर परिषद के उपाध्यक्ष, कनिष्ठ अभियंता, म.प्र. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, वार्ड पार्षद, गणेश उत्सव समितियों के कार्यकर्ता, पत्रकारगण एवं नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने गणेश पंडाल संचालकों को पंडालों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं की नियमित मौजूदगी बनाए रखने की समझाइश दी। साथ ही विद्युत सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पंडालों के लिए विधिवत बिजली कनेक्शन लेने के निर्देश दिए गए। पंडालों की वजह से सड़क एवं यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

बैठक में पंडालों में शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने, साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने और आयोजन स्थल पर आवश्यक सावधानियां बरतने पर जोर दिया गया। नगर परिषद की ओर से भी शहर की स्वच्छता को लेकर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

विसर्जन चल समारोह को लेकर भी चर्चा

गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। विसर्जन चल समारोह को एक ही दिन आयोजित करने तथा विसर्जन स्थल पर पर्याप्त शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की बात कही गई। आयोजकों से अपील की गई कि वे प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन करते हुए पर्व को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि उत्सव के दौरान ऐसी कोई स्थिति उत्पन्न न हो, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। अंत में थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ अभिषेक चौबे ने बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, समितियों के पदाधिकारियों, नागरिकों एवं अन्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

अभय परौहा की खास रिपोर्ट

#IPU News
ABHAY PAROUHA 0 followers