April 25, 2026

उपायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान व पारदर्शिता पर जोर

गर्मी में निर्बाध बिजली व पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

ऑनलाइन-ऑफलाइन सभी शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन अनिवार्य

भूमि विवाद, म्यूटेशन व राजस्व मामलों को प्राथमिकता से निपटाने का आदेश

पदाधिकारियों को मुख्यालय में रहकर कार्य करने का निर्देश

समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सेवाओं में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई।

उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऑनलाइन, ऑफलाइन अथवा जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गर्मी को देखते हुए उपायुक्त ने बिजली एवं पेयजल आपूर्ति को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली बाधित होने से पेयजल व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए, इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय बनाकर बैकअप व्यवस्था तैयार रखें। साथ ही खराब पड़े हैंडपंप, पाइपलाइन एवं अन्य जल स्रोतों की शीघ्र मरम्मत करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी पदाधिकारी अपने कार्यालय कार्यों के निष्पादन के लिए निर्धारित समय तय करें ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। बिना पूर्व अनुमति के जिला मुख्यालय छोड़ने पर भी सख्ती बरतने की बात कही गई।

उपायुक्त ने पदाधिकारियों को फील्ड निरीक्षण बढ़ाने का निर्देश देते हुए कहा कि जमीनी हकीकत जानने के लिए नियमित क्षेत्र भ्रमण आवश्यक है। साथ ही कार्यालय में लंबित मामलों का भी समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।

भूमि मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अंचल अधिकारियों (सीओ) को भूमि विवाद, म्यूटेशन एवं अन्य राजस्व मामलों को संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता पर निपटाने के निर्देश दिए। गैर मजरूआ जमीन की अवैध खरीद-बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने एवं त्वरित कार्रवाई करने को भी कहा गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त, एसडीएम, सिविल सर्जन, एनईपी निदेशक, डीटीओ, नगर आयुक्त सहित जिला एवं प्रखंड स्तरीय कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Written by

Anand Kishor

District Reporter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

INDIAN PRESS UNION

Indian Press Union (IPU) A National Platform for Journalists and Media Professionals.

© 2026 All Rights Reserved IPU MEDIA ASSOCIATION