जलालपुर, अंबेडकरनगर:
बसखारी ब्लॉक के अंतर्गत हरैया गांव में गुरुवार को मृदा परीक्षण एवं जैव उर्वरक अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 60 किसानों ने भाग लेकर आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
अभियान के दौरान इफको के वरिष्ठ क्षेत्र प्रबंधक डॉ. देवी प्रसाद ने किसानों को नैनो तकनीक आधारित उर्वरकों के उपयोग और उनके लाभों के बारे में बताया। उन्होंने नैनो यूरिया प्लस, नैनो डीएपी, नैनो जिंक, नैनो कॉपर तथा एनपीके कंसोर्टिया के प्रयोग की सही विधि और मात्रा पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन उर्वरकों के उपयोग से लागत में कमी और उत्पादन में वृद्धि संभव है।
इस अवसर पर एसएफए हॉटस्पॉट अभय वर्मा ने मृदा परीक्षण के महत्व को समझाते हुए कहा कि नियमित मिट्टी जांच से फसल की गुणवत्ता और उत्पादन में सुधार होता है।
इफको ई-बाजार बसखारी केंद्र प्रभारी आदित्य कुमार ने जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए बायोडिकंपोजर के उपयोग और उसके लाभों पर प्रकाश डाला। साथ ही किसानों को मिट्टी के नमूने लेने की सही विधि भी बताई गई।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान दीपचंद, इफको ई-बाजार रामनगर केंद्र के सहायक साहित्य पटेल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में जैव उर्वरक योजना के तहत किसानों को बायोडिकंपोजर वितरित किया गया।