अयोध्या:
पत्रकार के साथ कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में इंडियन कौंसिल ऑफ प्रेस से जुड़े पत्रकारों ने सिविल लाइन स्थित गांधी पार्क में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपते हुए संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि संगठन से जुड़े पत्रकार कुशल चन्द्र मिश्र को 29 अप्रैल 2026 को राजर्षि दशरथ स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. डीके सिंह द्वारा फोन पर कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और उन्हें धमकी दी गई।
पत्रकार के अनुसार, उन्होंने एक खबर के संबंध में जानकारी लेने के लिए चिकित्सक से संपर्क किया था। बाद में उन्हें कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी का सामना करना पड़ा।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि शिकायत की बात उठाने पर कथित रूप से चुनौतीपूर्ण टिप्पणी की गई। पत्रकार का दावा है कि इस बातचीत की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।
इस घटना के विरोध में पत्रकारों ने इसे प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़ा मामला बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो आगे धरना दिया जाएगा।
हालांकि, इस संबंध में डॉ. डीके सिंह की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।