मानव श्रृंखला बनाकर दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत विद्यालयों में हुए कार्यक्रम
चित्रकूट | संवाददाता
शासन के निर्देशानुसार जनपद में नारी शक्ति वंदन अभियान के अंतर्गत विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रमों एवं मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कर्वी में जिला विद्यालय निरीक्षक एवं कार्यालय स्टाफ की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य शशिकला ने बताया कि छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। इस अवसर पर शिक्षिकाएं राधा, श्रुति पांडेय, प्रियांशी गुप्ता, नेहा विश्वकर्मा, रंजना गर्ग, विनीता रानी गुप्ता, प्रज्ञा पाठक, गरिमा सिंह, चंद्रभागा, रितु द्विवेदी, नीलम जैन, शोभा देवी, शालिनी श्रीवास्तव सहित अन्य स्टाफ और छात्राएं उपस्थित रहीं।
इसी क्रम में गोस्वामी तुलसीदास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव एवं प्राचार्य राजेश पाल के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने मानव श्रृंखला बनाकर महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसके माध्यम से समाज में महिला सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।