दिल्ली के कड़कड़डूमा स्थित लोअर कोर्ट में तैनात एक न्यायिक अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अमन कुमार शर्मा (30) के रूप में हुई है, जो नॉर्थ-ईस्ट जिला कड़कड़डूमा कोर्ट में डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (DLSA) में फुल-टाइम सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने वर्ष 2021 में दिल्ली न्यायिक सेवा जॉइन की थी।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मृत्यु के सटीक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
परिवार के कुछ सदस्यों ने बताया कि हाल के दिनों में वे तनाव में थे। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।