अजबपुर-मियांवाला एलिवेटेड हाईवे की राह आसान, करीब 2 हजार करोड़ की परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण शुरू
देहरादून। राजधानी देहरादून में बढ़ते यातायात दबाव और लगातार लगने वाले जाम से राहत दिलाने की दिशा में एक बड़ी पहल शुरू हो गई है। आशारोड़ी-मियांवाला परियोजना के तहत अजबपुर से मियांवाला तक करीब 13 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड हाईवे के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परियोजना पर करीब 2 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
प्रस्तावित एलिवेटेड हाईवे का उद्देश्य सहारनपुर और हरिद्वार की ओर से आने वाले यातायात को शहर के भीड़भाड़ वाले हिस्सों से बाहर निकालना है। योजना के अनुसार हाईवे अजबपुर तक पुरानी सड़क के ऊपर से जाएगा और इसके बाद करीब चार किलोमीटर तक रेलवे लाइन के समानांतर मोहकमपुर होते हुए मियांवाला तक पहुंचेगा।
एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार परियोजना की डीपीआर केंद्र सरकार को भेजी जा चुकी है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने और संबंधित भू-स्वामियों को मुआवजा दिए जाने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
परियोजना से रिस्पना, जोगीवाला और मियांवाला क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।