LATEST NEWS

मनचली के डर से युवती ने कॉलेज छोड़ा

By JAHID KHAN • 2026-09-23 04:19 • 5 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
मनचली के डर से युवती ने कॉलेज छोड़ा

Agra News: शादी से इनकार पर युवती को मिली जान से मारने की धमकी, केस दर्ज, डर से छोड़ा कॉलेज

आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने पूर्व में परिचित रहे युवक पर जबरन शादी का दबाव बनाने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और इनकार करने पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोपी की लगातार मिलती धमकियों और खौफ के कारण पीड़िता इतनी सहम गई है कि उसने अपना कॉलेज जाना भी छोड़ दिया है।

शादी से इनकार पर बदनामी और सुसाइड की धमकी:
पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि आरोपी योगेश शर्मा से उसकी पूर्व में जान-पहचान और मित्रता थी। पिछले कुछ समय से योगेश उस पर जबरन शादी करने का दबाव बना रहा है। जब युवती ने शादी से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी आपा खो बैठा। आरोपी ने पीड़िता को कॉलोनी और समाज में बदनाम करने के साथ-साथ जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उसने खुद आत्महत्या करके पीड़िता के पूरे परिवार को झूठे केस में फंसाने का डर दिखाया।

भाई को दी धमकी, एक्सीडेंट कराने की भी शंका:
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसके भाई को भी फोन करके युवती को कॉलेज न भेजने की हिदायत दी और अंजाम भुगतने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार, हाल ही में उसके भाई को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई थी। पीड़िता को पूरा शक है कि भाई का यह एक्सीडेंट भी आरोपी योगेश शर्मा ने ही सुनियोजित साजिश के तहत करवाया है।

पुलिस में शिकायत करने पर दी ऊंची पहुंच की धमकी:
पीड़िता के परिजनों ने जब आरोपी के जीजा भूपेन शर्मा और बहन सुनीता शर्मा से उसकी हरकतों की शिकायत की, तो उन्होंने भी मदद करने के बजाय उल्टा पीड़िता के परिवार को ही पुलिस में शिकायत न करने की हिदायत दी और अपनी ऊंची पहुंच का डर दिखाकर बदनाम करने की धमकी दी।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, सबूत सौंपे:
लगातार प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने पुलिस में न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पीड़िता ने आरोपी द्वारा दी गई धमकियों के वॉट्सऐप स्क्रीनशॉट, कॉल डिटेल्स और ऑडियो रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दिए हैं। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है।

JAHID KHAN 0 followers