LATEST NEWS

दशहरा छुट्टी पर ताजमहल में उमड़े 32 हजार पर्यटक

By JAHID KHAN • 2026-10-21 04:41 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
दशहरा छुट्टी पर ताजमहल में उमड़े 32 हजार पर्यटक

आगरा ब्रेकिंग:

आगरा में त्यौहारों और दशहरा अवकाश के चलते पर्यटन कारोबार में खासी रौनक़ देखने को मिल रही है। सोमवार को विश्वप्रसिद्ध स्मारक ताजमहल पर देश-विदेश से आए सैलानियों का भारी जमावड़ा देखने को मिला। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को दिनभर में 32,000 से अधिक देसी और विदेशी पर्यटकों ने संगमरमरी हुस्न का दीदार किया।

पूर्वी और पश्चिमी द्वारों पर लगीं लंबी कतारें:
सुबह सूर्योदय के साथ ही ताजमहल के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही प्रवेश द्वारों पर पर्यटकों की भारी भीड़ जुटने लगी थी। टिकट काउंटर से लेकर मुख्य प्रवेश सुरक्षा प्वाइंट तक सैलानियों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। पर्यटकों में छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग और स्कूली बच्चों के अध्ययन दल भी शामिल थे, जो ताज के इतिहास और दीवारों पर उकेरी गई पच्चीकारी को निहारते दिखे। लॉकर रूम और सामान घर में सामान जमा कराने को लेकर पर्यटकों को थोड़ी परेशानी जरूर हुई, लेकिन उन्होंने इस ऐतिहासिक क्षण का आनंद लिया।

मस्जिद के पास बंदर का हमला, मासूम लहूलुहान:
भीड़भाड़ के बीच ताजमहल परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं से जुड़ा एक गंभीर वाकया भी सामने आया। बिहार से अपने माता-पिता के साथ ताज देखने पहुँचे 7 वर्षीय बालक मयंक पर परिसर स्थित मस्जिद के पास एक बंदर ने अचानक हमला कर हाथ में काट लिया। बंदर के काटने से बच्चा लहूलुहान हो गया और रोने लगा। परिजन तुरंत एएसआई के कर्मचारियों की मदद से बच्चे को परिसर के भीतर बनी डिस्पेंसरी ले गए, जहाँ डॉक्टर ने उसे तत्काल एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाया।

दो सैलानियों की बिगड़ी तबीयत, भेजा गया अस्पताल:
इसके अलावा, पश्चिमी पार्किंग के पास पश्चिम बंगाल निवासी पर्यटक एसके शाहिद की अचानक तबीयत खराब हो गई, जिन्हें एएसआई टीम द्वारा त्वरित मेडिकल मदद दी गई। वहीं, मैनपुरी से आई 17 वर्षीय छात्रा प्रियांशी ताजमहल परिसर के भीतर चक्कर खाकर गिर पड़ी। एएसआई सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत छात्रा को उठाकर डिस्पेंसरी पहुँचाया, जहाँ से प्राथमिक उपचार देने के बाद एम्बुलेंस के माध्यम से बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।

JAHID KHAN 1 follower