LATEST NEWS

लोडर ने कार-बाइक को 20 मीटर तक घसीटा

By JAHID KHAN • 2026-09-25 05:12 • 4 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
लोडर ने कार-बाइक को 20 मीटर तक घसीटा

आगरा ब्रेकिंग न्यूज़

आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते बाल-बाल टल गया। 100 फुटा रोड से टेढ़ी बगिया की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित लोडर वाहन ने सड़क किनारे खड़ी कार और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडर दोनों वाहनों को सड़क पर करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गया।

हाइट बैरियर से टकराई कार, बड़ा हादसा टला:
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे टाइल्स से भरा लोडर सीएनजी पंप के पीछे वाले रास्ते की ओर मुड़ रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे पार्क की गई कालिंदी विहार निवासी ऋषि परिहार की कार और नवीन यादव की बाइक लोडर की चपेट में आ गई। घसीटे जाने के दौरान कार आगे लगे लोहे के हाइट बैरियर से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के दौरान लोडर का ऊपरी हिस्सा लोहे के गार्डर से टकराकर दूर जा गिरा और गार्डर लोडर के अगले पहियों में फंस गया। पहियों में गार्डर फंसने की वजह से लोडर आगे नहीं बढ़ सका। गौरतलब है कि बुधवार से बंबा रोड पर प्राचीन जाहरवीर बाबा का मेला चल रहा है, जहां भारी भीड़ मौजूद थी; यदि लोडर आगे बढ़ जाता तो कई लोग इसकी चपेट में आ सकते थे।

भीड़ ने चालक को दबोचा, मेडिकल जांच जारी:
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए भागने की कोशिश कर रहे लोडर चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना देकर उसके हवाले कर दिया। मामले की जानकारी देते हुए एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि आरोपी चालक ने अपना नाम शाहबुद्दीन बताया है, जो मूल रूप से राजस्थान का निवासी है। चालक के अत्यधिक शराब के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते उसका चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल) कराया जा रहा है। पुलिस ने लोडर को कब्जे में ले लिया है और पीड़ित वाहन स्वामियों की तहरीर के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

JAHID KHAN 0 followers