जालौन में हाईटेक पुलिसिंग की शुरुआत, 2100 सीसीटीवी कैमरों से अपराधियों पर रहेगी नजर
जनपद जालौन में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी की पहल पर हाईटेक पुलिसिंग व्यवस्था लागू की जा रही है। इस योजना के तहत जिले में कुल 2100 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे, जिनमें 2000 कैमरे ग्राम पंचायतों तथा 100 कैमरे शहर क्षेत्र में सेफ सिटी मिशन के अंतर्गत लगाए जाएंगे।
सभी कैमरों को एक आधुनिक कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा, जहां से पुलिसकर्मी 24 घंटे निगरानी करेंगे। डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि यह व्यवस्था केवल अपराध की जांच तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखकर अपराधों की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
चोरी, लूट, मारपीट, छेड़छाड़ और सड़क दुर्घटनाओं जैसी घटनाओं की जांच में सीसीटीवी फुटेज अहम साक्ष्य साबित होगी। साथ ही आगामी पंचायत एवं विधानसभा चुनावों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने में भी यह व्यवस्था सहायक बनेगी। पुलिस ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है।