सोने चांदी के आभूषण से भरा का घड़ा दिलाने का झाँसा देकर किसान से लाखों रूपए की ठगी
सोने-चांदी के गहनों से भरा घड़ा दिखाने का झांसा देकर किसान से 6 लाख रुपए की ठगी, पुलिस जांच में जुटी
बिलासपुर:
कोटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सस्ते दाम पर सोने-चांदी के गहनों से भरा घड़ा दिलाने का झांसा देकर एक किसान से 6 लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में धारा 318(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम गाड़ाघाट निवासी किसान विष्णु बघेल (पिता अंजोरा बघेल) के अनुसार, 25 अगस्त को तखतपुर बकरी बाजार के पास उसकी मुलाकात पालन भास्कर से हुई। पालन ने उसके परिचित के पास सोने-चांदी के गहनों से भरा घड़ा होने की बात कही। 30 अगस्त को विष्णु अपने भांजे धनेश पात्रे के साथ पालन और संजय पनिका के माध्यम से कुरदर पहुंचा। वहां उसे कथित तौर पर गहनों से भरा घड़ा दिखाया गया, जिसकी कीमत 20 लाख रुपए बताई गई और बातचीत के बाद 12 लाख में सौदा तय हुआ।
चेकिंग और गहने जब्ती का नाटक:
31 अगस्त की रात विष्णु और धनेश कार से कुरदर पहुंचे, जहां पालन, पसउ बैगा और संजय पनिका मिले। विष्णु ने रात करीब 11 बजे पालन को 6 लाख रुपए दिए। इसके बाद पूजा-पाठ के बाद गहने बांटने की बात कही गई। कुछ देर बाद आरोपी बोरी में गहने लेकर कार तक पहुंचे। सेमरिया के पास दो पुलिसकर्मियों (जिनमें एक वर्दीधारी के कंधे पर तीन स्टार थे) ने कार रोककर जांच की और मोबाइल से फोटो लेने के बाद उन्हें जाने दिया। आगे चलकर आरोपियों ने कार छोड़कर बताया कि पुलिस ने तलाशी में गहने जब्त कर लिए हैं, जिसके बाद वे बाइक से चले गए और अपने मोबाइल बंद कर लिए।
आरोपियों की पहचान और पुलिस कार्रवाई:
6 सितंबर को विष्णु को चेकिंग में शामिल एक व्यक्ति मुंगेली कलेक्ट्रेट कार्यालय के पास मिला, जिसे परिचितों ने लोकेश राजपूत बताया। पीड़ित ने पालन भास्कर, संजय पनिका, पसउ बैगा, बलराम यादव, लोकेश राजपूत और अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।