कोसली में वीरता का मेला, नाथूला टाइगर के शौर्य स्थल का भव्य उद्घाटन
कोसली में युद्ध नायक ब्रिगेडियर राय सिंह यादव के शौर्य स्थल का उद्घाटन, प्रतिमा का अनावरण
इंडियन प्रेस यूनियन, रिपोर्टर: होशियार सिंह: वीरता और शौर्य की धरती कोसली में शुक्रवार को 1965 और 1967 के युद्धों से जुड़े युद्ध नायक तथा ‘नाथूला टाइगर’ के नाम से प्रसिद्ध ब्रिगेडियर राय सिंह यादव के शौर्य स्थल का उद्घाटन और प्रतिमा का अनावरण सैन्य परंपराओं के अनुरूप किया गया। ब्रिगेडियर राय सिंह यादव को महावीर चक्र और विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया था।
समारोह के दौरान सेना की सशस्त्र टुकड़ी ने सैन्य सम्मान के साथ सलामी दी। सेना के बैंड और बिगुल की प्रस्तुति के बीच बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, परिवार के सदस्यों और गणमान्य नागरिकों ने समारोह में हिस्सा लिया।
नाथूला की लड़ाई में दिखाई वीरता
नाथूला की लड़ाई में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद ब्रिगेडियर राय सिंह यादव ने साहस और नेतृत्व का परिचय दिया। उनके सैन्य जीवन और योगदान को याद करते हुए शौर्य स्थल और प्रतिमा का निर्माण उनकी सेवा और वीरता को सम्मान देने के उद्देश्य से किया गया है।
समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल सुनील यादव, लेफ्टिनेंट जनरल सतबीर सिंह यादव, ब्रिगेडियर करतार सिंह, विंग कमांडर सुरेंद्र सिंह, कर्नल सुधीर यादव, कर्नल सतेंद्र यादव, 2 ग्रेनेडियर्स यूनिट से कर्नल प्रणय श्रीवास्तव, कर्नल अवनीत, कर्नल सोहन लाल, एसडीएम विजय कुमार यादव, डीएसपी विद्यानंद, कैप्टन सुभाष यादव एडवोकेट, सरपंच रामकिशन जांगड़ा, संजय यादव, सूबे महेंद्र सिंह सहित अनेक पूर्व सैनिक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
ब्रिगेडियर राय सिंह यादव के भाई, पुत्र धर्म सिंह यादव, पुत्रवधू, पौत्री चेष्टा यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य भी समारोह में उपस्थित रहे।
शौर्य स्थल और प्रतिमा को ब्रिगेडियर राय सिंह यादव की सैन्य सेवा और योगदान की स्मृति के रूप में स्थापित किया गया है। आयोजकों के अनुसार, यह स्थल आने वाली पीढ़ियों को उनके साहस, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण से परिचित कराने में भूमिका निभा सकता है।