स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने की समीक्षा बैठक
उरई। आगामी स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त 2026) समारोह को भव्य, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक जालौन ने कलेक्ट्रेट सभागार उरई में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में स्वतंत्रता दिवस से संबंधित सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक पुलिस बल की तैनाती के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में ध्वजारोहण कार्यक्रम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, स्वच्छता व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को राष्ट्रभक्ति एवं जनभागीदारी के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाए। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।