SOCIAL AWARENESS

अग्रवाल सम्मेलन ने जारी किया दो माह का कार्यक्रम, गो-सेवा से पर्यावरण संरक्षण तक होंगे विविध आयोजन

By SUSHIL KUMAR RAMRAIKA • 2026-08-26 07:55 • 2 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
अग्रवाल सम्मेलन ने जारी किया दो माह का कार्यक्रम, गो-सेवा से पर्यावरण संरक्षण तक होंगे विविध आयोजन

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन ने आगामी सितंबर और अक्टूबर माह के लिए सामाजिक, धार्मिक, पर्यावरणीय एवं संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तृत कार्यक्रम घोषित किया है। सम्मेलन की ओर से इन दो महीनों के दौरान गो-सेवा, पर्यावरण संरक्षण, महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह, सामूहिक विवाह तथा सदस्यता विस्तार जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

18 से 20 सितंबर तक गो-भागवत कार्यक्रम

18 से 20 सितंबर तक बिष्टुपुर स्थित कमानी ऑडिटोरियम में जिले का दूसरा गौभक्त गो-भागवत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ध्यान फाउंडेशन चाकुलिया गौशाला के सहयोग से होने वाले इस आयोजन का उद्देश्य गौसेवा के प्रति लोगों में जनजागरण और सहभागिता की भावना को बढ़ावा देना है।

तीन हजार फलदार पौधों का होगा वितरण

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सम्मेलन भारत विकास परिषद के सहयोग से भादव माह में तीन हजार फलदार पौधों का वितरण करेगा। इसके लिए आम, अमरूद, लीची, नींबू और कटहल के पौधों की बुकिंग शुरू कर दी गई है। सम्मेलन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है।

5 से 11 अक्टूबर तक मनेगी महाराजा अग्रसेन जयंती

5 से 11 अक्टूबर तक महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर पुरे सप्ताह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें बच्चों, युवाओं और महिलाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। 11 अक्टूबर को मुख्य समारोह में प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

25 अक्टूबर को 51 आदिवासी जोड़ों का सामूहिक विवाह

सामाजिक सरोकार से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रम के तहत 25 अक्टूबर को ब्रह्मलोक धाम, एयर बेस कॉलोनी, कदमा में 51 आदिवासी जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। सम्मेलन के सहयोग से 51 यजमानों का चयन किया जा रहा है। समाज के सहयोग से विवाह करने वाले प्रत्येक जोड़े को 51-51 घरेलू उपयोग की वस्तुएं उपहार स्वरूप प्रदान की जाएंगी।

सदस्यता अभियान को भी मिलेगी गति

इसके साथ ही झारखंड प्रादेशिक अग्रवाल सम्मेलन के संरक्षक सदस्यता अभियान को जिला स्तर पर गति दी जाएगी। पूर्व के आजीवन सदस्यों को संरक्षक सदस्य के रूप में अपग्रेड करने के साथ नए सदस्यों को भी संगठन से जोड़ा जा रहा है। सम्मेलन की कार्यसमिति के विस्तार और सदस्यता अभियान को प्राथमिकता दिए जाने की जानकारी इससे पहले भी सामने आई है।

प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमल किशोर अग्रवाल ने समाज बंधुओं से सभी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता और सहयोग की अपील की है। उन्होंने इच्छुक प्रतिभागियों से समय पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित कराने का आह्वान किया। सम्मेलन का कहना है कि आगामी दो महीनों के कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को सेवा, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

SUSHIL KUMAR RAMRAIKA 0 followers