टेल्को में स्कूल वैन डिवाइडर से टकराईं, 16-17 बच्चे घायल; दो बच्चों और चालाक की हालत गंभीर
जमशेदपुर। शुक्रवार सुबह टेल्को थाना क्षेत्र स्थित टेल्को स्टेडियम-भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। चिन्मय विद्यालय के बच्चों को लेकर जा रही टाटा विंगर स्कूल वैन एन-111 अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में करीब 15 से 17 बच्चों के घायल होने की सूचना है। इनमें दो बच्चों और वैन चालक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल वैन स्टेडियम की ओर से चिन्मय विद्यालय के बच्चों को छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद वैन तेज गति से डिवाइडर पर चढ़ते हुए उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वैन को सड़क से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद स्कूल वाहनों की सुरक्षा, चालक की सतर्कता और व्यस्त सड़कों पर यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।