50 आदिवासी जोड़ों के सामूहिक विवाह कन्यादान के आयोजन में सहयोग करेगा अग्रवाल सम्मेलन, प्रति कन्या ₹6,100 की सहयोग राशि निर्धारित
25 अक्टूबर को जमशेदपुर में होगा सामूहिक विवाह समारोह, नकद राशि के साथ नववधुओं को दी जाएगी गृहस्थी की सामग्री
जमशेदपुर। जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग और नवदंपतियों को नए जीवन की शुरुआत के लिए संबल देने की पहल के तहत पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन ने कन्यादान का संकल्प लिया है। ब्रह्मलोक धाम, कदमा एवं विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 25 अक्टूबर 2026 को जमशेदपुर में 50 आदिवासी युवक-युवतियों का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर अग्रवाल सम्मेलन निर्धन कन्याओं को कन्यादान स्वरूप नकद राशि और गृहस्थी की आवश्यक सामग्री प्रदान करेगा।
सम्मेलन की ओर से प्रत्येक कन्या के लिए 6,100 रुपये की सहयोग राशि निर्धारित की गई है। इसमें 1,100 रुपये नकद वधू को लिफाफे में दिए जाएंगे, जबकि शेष 5,000 रुपये की सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान की जाएगी। इसमें लोहे का बक्सा, कंबल, बेडशीट, तकिया कवर, साड़ी, कुर्ता-पायजामा का कपड़ा और घड़ी सहित गृहस्थी में उपयोग होने वाली वस्तुएं शामिल हैं।
आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना और नवविवाहित जोड़ों को नए गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए जरूरी सामग्री उपलब्ध कराना है। सम्मेलन ने समाज के लोगों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की है।
सामूहिक विवाह के संयोजक राजेश गढ़वाल और सुनील जवानपुरिया ने समाज के सदस्यों से कन्यादान अभियान में सहयोग करने का आग्रह किया है। इस अपील में पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष मंटू अग्रवाल, महिला सम्मेलन की जिला अध्यक्ष मनीषा संघी तथा युवा सम्मेलन के जिला अध्यक्ष प्रतीक अग्रवाल भी शामिल हैं।
सम्मेलन की अपील है कि समाज के इच्छुक सदस्य अपनी सामर्थ्य के अनुसार इस आयोजन में सहयोग देकर जरूरतमंद कन्याओं के विवाह को यादगार बनाने में सहभागी बनें। आयोजकों का कहना है कि छोटा-सा सहयोग भी नवदंपतियों के नए जीवन की शुरुआत में महत्वपूर्ण संबल बन सकता है।
संपर्क:
- राजेश गढ़वाल, सामूहिक विवाह संयोजक: 8002326023
- सुनील जवानपुरिया, सामूहिक विवाह संयोजक: 9431113718