जमशेदपुर पुलिस की डिजिटल पहल, अब WhatsApp पर मिलेगी पुलिस की कई सेवाएं
जमशेदपुर। आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जमशेदपुर पुलिस ने डिजिटल पहल शुरू की है। अब पुलिस से जुड़ी कई सेवाओं और शिकायतों के लिए लोगों को बार-बार थाने का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बुधवार को एसएसपी कार्यालय से जमशेदपुर पुलिस के आधिकारिक WhatsApp चैटबॉट का शुभारंभ किया।
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने शहरवासियों से अपील की कि वे जमशेदपुर पुलिस का WhatsApp नंबर 9471167577 अपने मोबाइल में सेव कर लें। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और सेवा के लिए 24 घंटे तत्पर है।
मौके पर सिटी एसपी ललित मीना, ग्रामीण एसपी सुभम खंडेलवाल और डीएसपी मनोज कुमार मौजूद थे।
एक WhatsApp नंबर से कई सेवाएं
WhatsApp चैटबॉट के माध्यम से नागरिकों को पुलिस से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सेवाओं से जोड़ा गया है। इसमें महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा, छेड़खानी की शिकायत और सीनियर सिटिजन हेल्प जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा पासपोर्ट वेरिफिकेशन, पुलिस वेरिफिकेशन और चरित्र प्रमाण पत्र के स्टेटस की जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी।
लोग मोबाइल गुम होने, साइबर क्राइम और चालान से संबंधित जानकारी भी चैटबॉट के जरिए हासिल कर सकेंगे। पहले से दर्ज शिकायत की वर्तमान स्थिति जानने की सुविधा भी इसमें उपलब्ध होगी।
‘Hi’ भेजते ही सामने आएगा सेवा विकल्प
इस डिजिटल सुविधा का इस्तेमाल करना भी आसान है। नागरिकों को दिए गए WhatsApp नंबर 9471167577 पर केवल ‘Hi’ लिखकर भेजना होगा। इसके बाद WhatsApp पर ‘जोहार पुलिस’ का स्वागत संदेश आएगा और स्क्रीन पर विभिन्न सेवाओं के विकल्प उपलब्ध होंगे। नागरिक अपनी जरूरत के अनुसार विकल्प चुनकर संबंधित सेवा का लाभ ले सकेंगे।
चैटबॉट के जरिए नागरिक अपने नजदीकी थाना और थाना प्रभारी का संपर्क नंबर भी प्राप्त कर सकेंगे। पुलिस की कार्यशैली को लेकर शिकायत या सुझाव देने का विकल्प भी इसमें रखा गया है।
शिकायतों की होगी निगरानी
पुलिस के अनुसार इस डिजिटल व्यवस्था की निगरानी एसएसपी कार्यालय स्थित शिकायत कोषांग द्वारा की जाएगी। इसका उद्देश्य WhatsApp के माध्यम से प्राप्त शिकायतों और संदेशों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। पुलिस का मानना है कि इस पहल से नागरिकों को पुलिस सेवाओं तक आसान और तेज पहुंच मिलेगी तथा शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया भी अधिक सुविधाजनक बनेगी।